यूपी टाइगर के निधन से राजनीतिक व सामाजिक जगत में शोक की लहर
1 min read
रिपोर्ट:- नौशाद ख़ान
रियासत मनकापुर के राजा व केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के पिता कुंवर आनंद सिंह का निधन हो गया ! कुंवर आनंद सिंह उर्फ अन्नू भइया का पार्थिव शरीर करीब 11 बजे मनकापुर स्थित उनके महल पहुंचा। उनका अंतिम दर्शन करने के लिए हज़ारों की संख्या में भारी भीड़ जुटी है।
मनकापुर और आसपास के बाजारों में शोक के चलते दुकानें बंद है। प्रदेश व जनपद के पक्ष व विपक्ष के तमाम नेता उनके अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पहुँचे
वह यूपी टाइगर कहे जाते थे। चार बार सांसद और मंत्री रहने के बाद भी राजा मनकापुर सादगी और संवेदनशीलता की मिसाल थे, कभी उन्हें बहुत तामझाम के साथ नहीं देखा। बेहद खुशमिजाज, एक रियासत का राजा होने के बाद भी कुंवर आनंद सिंह जी तड़क भड़क से दूर रहते थे, ऐसी शख्सियत का जाना केवल गोंडा या मनकापुर के लिए शून्यता नहीं बल्कि राजनीति और समाज के लिए बहुत बड़ी क्षति है। विगत काफी दिनों से सक्रिय राजनीति से अलग रहने के बाद भी जब भी क्षेत्र में आते तो लोगों का जमावड़ा लग जाता।
Koi
कुंवर आनंद सिंह का जन्म 4 जनवरी 1939 को हुआ था। मनकापुर रियासत की बागडोर संभालने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। रियासत के राजा कहे जाने वाले कुंवर आनंद सिंह की जिले की राजनीति में तूती बोलती थी। उन्हें यूपी टाइगर के नाम से भी जाना जाता था। वह गोंडा संसदीय सीट से कांग्रेस के टिकट पर चार बार सांसद रहे। हालांकि वर्ष 1996 में उनका कांग्रेस से मोहभंग हो गया और वह समाजवादी पार्टी में चले गए। वर्ष 2012 में उन्होने सपा के टिकट पर गौरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधायक बने। अखिलेश सरकार में वह कृषि मंत्री भी रहे। वर्ष 2017 के बाद उन्होंने राजनीति से सन्यास ले लिया था और अब वह राजनीति से दूर थे। वर्तमान में उनके बेटे कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा संसदीय सीट से भाजपा सांसद और केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री हैं।