पूर्व विधायक शैलू के प्रयास से उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर मार्ग को मिली 75 करोड़ की मंजूरी…..
1 min read
गैसडी बलरामपुर /16 सितंबर 2026/ क्यू.डी. सिद्दीकी
गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से जर्जर पड़े उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर मार्ग के चौड़ीकरण को शासन ने मंजूरी दे दी है। पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ के पत्र के बाद लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग के लिए 75 करोड़ 7 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की है।
लोक निर्माण अनुभाग-1 द्वारा जारी शासनादेश संख्या-726/2026 दिनांक 13 सितंबर 2026 के अनुसार, जनपद बलरामपुर में इस मार्ग के अवशेष भाग चैनेज 17.700 से 38.850 तक, कुल लंबाई 21.150 किलोमीटर का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
शासनादेश में कुल लागत 75,07,06,000 रुपये बताई गई है, जिसमें निर्माण लागत 73 करोड़ 34 लाख और 5 वर्षीय अनुरक्षण के लिए 1 करोड़ 72 लाख शामिल है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुदान संख्या-58 के लेखाशीर्षक-5054 राज्य सड़क निधि से प्रथम किस्त के रूप में 3 करोड़ 66 लाख 72 हजार रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि यह मार्ग गोंडा-बलरामपुर को नेपाल बॉर्डर से जोड़ने वाला 70 किलोमीटर लंबा प्रमुख मार्ग है। इसका 22 किलोमीटर हिस्सा पहले बन चुका था, शेष हिस्सा खराब था।
इसको लेकर पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ ने 9 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्ययोजना में शामिल करने की मांग की थी।
पूर्व विधायक शैलू ने कहा, “यह मार्ग मेरी विधानसभा की लाइफलाइन है। मुख्यमंत्री जी ने मेरी मांग को स्वीकार कर जनहित में बड़ा फैसला लिया है। इसके बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों का आवागमन सुगम होगा।”
