सेना मेडल से सम्मानित सेवानिवृत्त मेजर प्रभाकर देव सिंह का गोंडा पहुंचने पर भव्य स्वागत
नौशाद खान
गोंडा। भारतीय सेना में अपने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा से गोंडा जनपद का गौरव बढ़ाने वाले सेना मेडल से सम्मानित सेवानिवृत्त मेजर प्रभाकर देव सिंह के रविवार को गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।द वॉरियर सैनिक परिवार, गोण्डा की अध्यक्षता में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, गणमान्य नागरिकों एवं समर्थकों ने मेजर प्रभाकर देव सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान देशसेवा में उनके योगदान और वीरता को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान गोण्डा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह भी रेलवे स्टेशन पहुंचे और मेजर प्रभाकर देव सिंह का आत्मीय अंदाज में स्वागत करते हुए उन्हें गोद में उठाकर अभिनंदन किया। इस भावुक एवं गौरवपूर्ण क्षण ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सभी ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर कर्नल राधेश्याम पाण्डेय, कर्नल वीरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदीप सिंह फौजी, अभिषेक सिंह, राहुल सिंह, विनोद सिंह सहित सैकड़ों पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों ने मेजर प्रभाकर देव सिंह के सैन्य जीवन में किए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।
