श्री मेवा लाल वर्मा इंटर कॉलेज में कंप्यूटर लैब का शुभारंभ
1 min read
रिपोर्ट–आमिर हसन सिद्दीकी
बलरामपुर। श्री मेवा लाल वर्मा इंटर कॉलेज शाहपुर इटई में शनिवार को नवनिर्मित कंप्यूटर लैब का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा ने फीता काटकर लैब का उद्घाटन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह रहा। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।
विधायक रामप्रताप वर्मा ने कहा कि आज के दौर में कंप्यूटर और तकनीकी शिक्षा विद्यार्थियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय में आधुनिक कंप्यूटर लैब की सुविधा उपलब्ध होना सराहनीय पहल है। इससे विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है।
विद्यालय के प्रबंधक हरीश चंद्र वर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं को समय के अनुरूप शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिकता है। कंप्यूटर लैब की स्थापना इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए आगे भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम में उमेश चंद्र वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अतिथियों ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। लैब के शुभारंभ के बाद विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
