धोवाड़बर में गणेशोत्सव की धूम, आज होगा विशाल महाभंडारा
1 min read
बलरामपुर। ब्लॉक श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम धोवाड़बर में गणपति पूजा सेवा समिति के तत्वावधान में गणेशोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंगलवार को पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान गणेश के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इससे पहले सोमवार को समिति परिसर में भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
समिति अध्यक्ष एवं अधिवक्ता योगेश्वर मिश्र ने बताया कि बुधवार को परिसर में विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। वहीं, 20 सितंबर को विशेष आरती समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को सरप्राइज उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा।
अध्यक्ष योगेश्वर मिश्र ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महाभंडारे में प्रसाद ग्रहण करने और गणेशोत्सव में सहभागिता करने की अपील की है।
