बिजली संकट से प्रभावित रहा आधार संशोधन शिविर, साढ़े तीन बजे तक केवल दो लोगों का हुआ काम
रिपोर्ट– मोहम्मद आरिफ (पप्पू)
बलरामपुर। ग्राम पंचायतों में आधार कार्ड की त्रुटियों के संशोधन और फैमिली आईडी बनाने के लिए लगाए जा रहे विशेष शिविरों में व्यवस्थागत खामियां सामने आ रही हैं। बुधवार को विकास खंड श्रीदत्तगंज की ग्राम पंचायत मुजहना स्थित पंचायत भवन में आयोजित शिविर बिजली आपूर्ति बाधित रहने और वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था के अभाव में प्रभावित रहा।
शिविर में आधार कार्ड बनाने और संशोधन का कार्य ऑपरेटर राहुल द्वारा किया जा रहा था, लेकिन बिजली न होने से मशीनें संचालित नहीं हो सकीं। राहुल ने बताया कि पूरे दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण काम नहीं हो सका और दोपहर करीब 3:30 बजे तक केवल दो लोगों के आधार संबंधी कार्य ही पूरे किए जा सके।
आधार बनवाने या उसमें संशोधन कराने पहुंचे रोहिणी, नितेश, आलोक, अजय समेत कई ग्रामीण पंचायत भवन पर घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन बिजली की समस्या के चलते उनका कार्य नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना था कि यदि शिविर स्थल पर इनवर्टर या अन्य वैकल्पिक बिजली व्यवस्था होती तो अधिक लोगों का काम समय पर हो सकता था।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन की ओर से आधार कार्ड की त्रुटियों को दूर करने और फैमिली आईडी बनाने के लिए ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। हालांकि, मुजहना में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण शिविर का उद्देश्य पूरी तरह पूरा नहीं हो सका।
