सिद्धार्थनगर के युवक की गोवा में मौत का मामलाः शव पैतृक गांव पहुंचा, परिवार में मातम
1 min read
Abdurahman | 09-12-2025 |Siddharth Nagar
गोवा में हुए अग्निकांड में सिद्धार्थनगर जिले के मिश्रौलिया क्षेत्र के होरिलापुर गांव निवासी सुनील कुमार निषाद (29) की मृत्यु हो गई। सुनील अगस्त 2025 में रोजगार के लिए गोवा गए थे और वहां बर्च बाय रोमियोलेन नाइट क्लब में कार्यरत थे।


यह घटना 06 दिसंबर 2025, शनिवार रात को हुई। नाइट क्लब में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में सुनील कुमार गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे के दो दिन बाद, 09 दिसंबर 2025 की दोपहर को सुनील का पार्थिव शरीर गोवा-लखनऊ फ्लाइट से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा। वहां से एंबुलेंस द्वारा मंगलवार देर शाम उनके पैतृक गांव होरिलापुर लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों और पूरे गांव में शोक छा गया।
मृतक सुनील कुमार निषाद विवाहित थे। उनकी पत्नी नीलम (28 वर्ष) हैं। सुनील की तीन संतानें हैं- सात वर्षीय अंजली, पांच वर्षीय शिल्पा और दस माह का बेटा शिवांश। उनके माता-पिता शोहराती और बुधिराम हैं। सुनील अपने दो भाइयों में छोटे थे, बड़े भाई का नाम अनिल कुमार निषाद है। मंगलवार शाम को पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने मृतक के घर पहुंचकर परिवारजनों को सांत्वना दी। उन्होंने इस घटना पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान चेयरमैन अजय गुप्ता, चेयरमैन विकास जायसवाल, जिला मंत्री कृष्णा मिश्रा, मंडल अध्यक्ष रामसूरत चौरसिया, प्रधान संघ अध्यक्ष विजय पांडे, धर्मेंद्र मौर्य, विनय तिवारी और रंगीलाल सोनी सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।
