बड़ी खबर: गैसड़ी के जमधरा बरूनी नाले पर बना क्षतिग्रस्त ‘डिप’ हादसों को दे रहा दावत, प्रशासन की खामोशी पर उठे गंभीर सवाल
1 min read
गैसड़ी / बलरामपुर
विशेष संवाददाता / कमर खान
बलरामपुर जिले के गैसड़ी विकास खंड अंतर्गत जमधरा बरूनी नाले पर बना डिप (पुलिया/डिप मार्ग) अपनी बदहाली के आंसू बहा रहा है। पूरी तरह से जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुके इस मार्ग से गुजरना आम जनता और राहगीरों के लिए किसी बड़े खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय नागरिकों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को लेकर भारी रोष व्याप्त है।

तस्वीरें बयां कर रहीं खतरे की दास्तान
मौजूदा समय में इस डिप की सतह पर जगह-जगह गहरी दरारें और बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे बन चुके हैं। बारिश या रात के समय जब जलभराव या कम रोशनी होती है, तो वाहन चालकों के लिए यहां से निकलना जान जोखिम में डालने जैसा बन जाता है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं, जिससे चोटिल होने की घटनाएं आम हो चुकी हैं।
पहले भी उठ चुकी है आवाज, पर नतीजा सिफर
इस गंभीर और संवेदनशील मुद्दे को लेकर समाजसेवी व स्थानीय निवासी कमर खान ने पूर्व में भी पुरजोर आवाज उठाई थी। प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को लिखित एवं मौखिक रूप से इस जर्जर डिप के पुनर्निर्माण की मांग सौंपी गई थी। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।
क्षेत्रवासियों का सवाल है कि आखिर इस उपेक्षा का कारण क्या है? क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े और अनहोनी हादसे का इंतजार कर रहे हैं?


जनता की दो-टूक मांग: कागजी दावों से बाहर निकले विकास
क्षेत्र के तमाम ग्रामीणों और राहगीरों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि:
-
जमधरा बरौनी नाले के क्षतिग्रस्त डिप का अतिशीघ्र पुनरुद्धार और पुनर्निर्माण कराया जाए।
-
जब तक नया निर्माण नहीं होता, तब तक आपातकालीन मरम्मत कर इसे आवागमन के योग्य बनाया जाए।
-
विकास केवल कागजों और चुनावी वादों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखना चाहिए।
यदि समय रहते इस गंभीर समस्या का संज्ञान नहीं लिया गया, तो क्षेत्र की जनता उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
