बलरामपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई — अवैध क्लीनिक, जच्चा-बच्चा केंद्र और पैथोलॉजी पर शिकंजा
1 min read
क्यू.डी. सिद्दीकी | बलरामपुर | 18 फरवरी 2026
बलरामपुर। जिले में अवैध स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने व्यापक छापेमारी कर कई अस्पतालों, क्लीनिकों, जच्चा-बच्चा केंद्रों और पैथोलॉजी लैब पर कड़ी कार्रवाई की। जांच में गंभीर अनियमितताएँ और बिना रजिस्ट्रेशन संचालन पाए जाने पर कई संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि कुछ को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
टीम ने दस्तावेजों की गहन जांच कर मौके पर ही सीलिंग और नोटिस की कार्रवाई की।


किन-किन पर हुई कार्रवाई
संगीता वर्मा — शुक्लागंज क्षेत्र में अवैध रूप से डिलीवरी और डीएनसी कराने के आरोप में कार्रवाई।
प्रियंका सिंह — महदैया बाजार स्थित जच्चा-बच्चा केंद्र को अनियमितताओं के चलते सीज किया गया।
श्री नर्सिंग होम, महदैया बाजार — नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सील किया जाएगा।
प्रीति यादव — गुमड़ी घाट के पास अवैध डिलीवरी, डीएनसी और गर्भपात कराने के आरोप में क्लीनिक सीज।
इंडियन पैथोलॉजी, शुक्लागंज — अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड संचालन मिलने पर सील।
राजेंद्र प्रसाद गुप्ता — नेहा क्लिनिक/अस्पताल — बिना वैध पंजीकरण संचालन और कथित असुरक्षित गर्भपात कराने के आरोप में सीज; विधिक कार्रवाई शुरू।
विनोद कुमार यादव — बाबूराम मेमोरियल जच्चा-बच्चा केंद्र (गुमड़ी घाट) — नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।


विभाग का बयान
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में बिना लाइसेंस चल रहे चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध और असुरक्षित उपचार से लोगों की जान जोखिम में पड़ती है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में हड़कंप
लगातार हो रही छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि अवैध क्लीनिकों की नियमित जांच जारी रखी जाए ताकि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। छापेमारी के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीदत्तगंज के अधीक्षक राजेश हंस, आशुतोष सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

