हुसैनाबाद में अवैध रूप से चल रहा अल्ट्रासाउंड सेंटर, अप्रशिक्षित लोग बना रहे रिपोर्ट
1 min read
बृजेश जयसवाल | बलरामपुर | 6 अक्टूबर 2026
तहसील उतरौला के हुसैनाबाद में स्वास्थ्य विभाग के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए एक अवैध पैथोलॉजी एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है। बीपी बलरामपुर पैथोलॉजी एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर नामक इस संस्थान में पैथोलॉजी के रजिस्ट्रेशन की आड़ में बिना किसी योग्य रेडियोलॉजिस्ट के अल्ट्रासाउंड चलाया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सेंटर पर किसी विशेषज्ञ डॉक्टर की अनुपस्थिति में अप्रशिक्षित तकनीशियन और कर्मचारी ही मरीजों का अल्ट्रासाउंड कर रहे हैं। इससे न केवल मरीजों की जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की आशंका बनी रहती है, बल्कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जान के साथ भी खिलवाड़ हो रहा है।
मामले में मिली अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट (दिनांक 29 सितंबर 2026) में मरीज लक्ष्मी देवी का अल्ट्रासाउंड किए जाने की पुष्टि हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) एक्ट और स्वास्थ्य विभाग के सख्त निर्देशों के बावजूद ग्रामीण इलाकों में इस तरह के फर्जी सेंटर बेखौफ होकर फल-फूल रहे हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों ने जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) बलरामपुर से गुहार लगाई है कि उक्त फर्जी अल्ट्रासाउंड सेंटर की तत्काल जांच कराकर उसे सील किया जाए और संचालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
