गुमडी घाट से लौट रहे युवकों की बाइक पिकअप से टकराई, एक की मौत, एक गंभीर घायल
1 min read
रिपोर्ट– मोहम्मद आरिफ (पप्पू)
श्रीदत्तगंज (बलरामपुर)। थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उतरौला-गोंडा मुख्य मार्ग पर नौरंगडीह गांव के पास बाइक और पिकअप वाहन की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार थाना रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्राम अगया बुजुर्ग के मजरा कुकुटपुरवा निवासी शाहिद पुत्र इसराइल (19 वर्ष) तथा अबुलेश पुत्र हसरत (15 वर्ष) शुक्रवार सुबह गुमडी स्थित कुआनो नदी घाट पर स्नान करने गए थे। दोनों युवक बाइक से घर लौट रहे थे। वापसी के दौरान नौरंगडीह गांव के पास उतरौला-गोंडा मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक की टक्कर उतरौला की ओर से आ रही एक पिकअप वाहन से हो गई।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एक स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां प्राथमिक परीक्षण के बाद चिकित्सक ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए गोंडा रेफर कर दिया। गोंडा पहुंचने पर चिकित्सकों ने शाहिद को मृत घोषित कर दिया, जबकि अबुलेश को भर्ती कर उसका उपचार शुरू कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दे रहा है तथा उसके सिर के पास काफी खून फैला हुआ है। वहीं दूसरा घायल युवक सड़क के किनारे पड़ा नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन शाहिद की जान नहीं बच सकी।
परिजनों के अनुसार शाहिद शुक्रवार की रात को ही राजस्थान जाने की तैयारी कर रहा था और उसका टिकट भी हो चुका था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। भाई सद्दाम हुसैन, मोहम्मद तस्लीम और खालिद का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक की तीन बहनें भी हैं। पिता इसराइल महदेईया बाजार में कपड़े प्रेस करने का कार्य करते हैं। मां बार बार रो रोकर बेहोश हो रही है।
युवा पुत्र की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
चौकी प्रभारी महदेईया बाजार अमर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि वह पुलिसकर्मी मुख्यमंत्री कार्यक्रम की ड्यूटी में भी लगे हुए हैं। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
